रिपोर्टर- अरशद हुसैन
रुड़की: झबरेड़ा थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम के अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बच्चे को 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि भगतोवाली गांव में एक शादी समारोह के दौरान बच्चा अचानक लापता हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान गरजा उर्फ गजे नामक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बच्चे के अपहरण की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास से बच्चे को बरामद कर लिया।
पुलिस को देखते ही आरोपी बच्चे को छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
