रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड विजिलेंस विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग ने एक ओर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया, वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार के मामलों में अब तक हुई कार्रवाई का भी ब्यौरा सार्वजनिक किया।
एडीजी विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि विभाग ने अब तक 18 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें दो राजपत्रित अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है।
उन्होंने जानकारी दी कि करीब 40 मामले अभी शासन स्तर पर लंबित हैं। इन मामलों में विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग हर शिकायत की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
एडीजी ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के निर्णय आने के बाद प्रत्येक मामले का विश्लेषण किया जाता है। यदि जांच के दौरान कोई कमी सामने आती है तो भविष्य की जांच को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार किए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई सरकारी गवाह अदालत में बयान से मुकरता है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि रिश्वत मांगने की किसी भी घटना की जानकारी 1064 हेल्पलाइन पर दें। लोगों की भागीदारी से ही भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
